Spasht Awaz Home

Hindi News, Latest News in Hindi Today, Today Hindi News Paper

जंतर-मंतर पर आपत्तिजनक नारेबाजी का मामला, अश्वनी उपाध्याय समेत छह लोग गिरफ्तार

जंतर-मंतर पर आपत्तिजनक नारेबाजी के मामले में दिल्ली पुलिस ने बीजेपी नेता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि इससे पहले पुलिस ने इन लोगों को हिरासत में लिया था और पूछताछ की थी। जंतर-मंतर के पास कुछ संगठनों ने भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ को लेकर प्रदर्शन किया था। इसी दौरान भड़काऊ नारेबाजी की गई। इस कार्यक्रम में बीजेपी नेता अश्विनी उपाध्याय भी शामिल हुए थे।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि बीते रविवार को अश्वनी उपाध्याय द्वारा एक कार्यक्रम जंतर मंतर पर आयोजित किया गया था। इस कार्यक्रम के लिए पुलिस की तरफ से अनुमति नहीं थी। शुरू में यहां 50 लोग इकट्ठा हुए और फिर इनकी संख्या बढ़ती चली गई।

सैकड़ों लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी दौरान वहां पर कुछ लोगों में एक धर्म के खिलाफ आपत्तिजनक नारेबाजी शुरू कर दी। देर शाम तक इस नारेबाजी का वीडियो वायरल हो गया। हंगामा बढ़ने लगा तो सोमवार को इस प्रकरण को लेकर कनॉट प्लेस थाने में एफआईआर दर्ज की गई है।

इस मामले में कार्यक्रम के आयोजक अश्वनी उपाध्याय की तरफ से भी पुलिस को एक शिकायत दी गई थी। उन्होंने दावा किया कि नारेबाजी करने वाले उनके प्रदर्शन में शामिल नहीं थे। वह उन्हें जानते भी नहीं हैं। पुलिस इस मामले में अश्वनी उपाध्याय सहित छह लोगों से कनॉट प्लेस थाने में पूछताछ कर रही है।

 

About The Author