Spasht Awaz Home

Hindi News, Latest News in Hindi Today, Today Hindi News Paper

हिमाचल प्रदेश: किन्नौर भूस्खलन हादसे में 13 शव बरामद, राहत कार्य जारी

हिमाचल प्रदेश के जनजातीय जिला किन्नौर के निगलसूरी में नेशनल हाईवे पर हुए भीषण भूस्खलन की घटना में मलबे में फंसे लोगों को निकालने का कार्य गुरुवार को भी जारी रहा। आज दो और शव बरामद किए गए हैं। अभी तक कुल 13 शव बरामद किए जा चुके हैं। कई लोगों के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका है।

भूस्खलन का ये खौफनाक मंजर बुधवार दोपहर 12.30 बजे निचार तहसील के तहत निगलसूरी में हुआ। इस भीषण भूस्खलन के कारण एचआरटीसी बस समेत दो वाहन और एक ट्रक मलबे में दब गए थे। एचआरटीसी बस अभी भी मलबे में दबी है, इसका कुछ क्षतिग्रस्त हिस्सा मिला है। बचाव टीमें इसमें मौजूद यात्रियों को बाहर निकालने का भरसक प्रयास कर रही हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के निदेशक सुदेश कुमार मोक्टा ने बताया कि अब तक 13 शव बरामद हुए हैं। इन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। 13 लोगों को घटनास्थल से सुरक्षित निकालकर उपचार के लिए भावानगर सामुदायिक अस्पताल में भर्ती किया गया है। उन्होंने बताया कि रिकांगपिओ-हरिद्वार रूट की एचआरटीसी बस मलबे में दबी है और राहत टीमें यात्रियों के रेस्क्यू में जुटी हैं। भूस्खलन की चपेट में आई एक टाटा सूमो पूरी तरह तबाह हो गई है जबकि एक कार को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा पहाड़ी से गिरी चट्टानों की जद में आने से एक ट्रक लुढ़क कर नदी के किनारे जा गिरा। ट्रक चालक के शव को भी बरामद कर लिया गया है।

किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि इस घटना के तीन शवों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर अभी भी कई लोग फंसे हुए हैं। इन्हें निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। स्थानीय पुलिस, होमगार्ड के अलावा एनडीआरएफ और आईटीबीपी की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं। राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उनका आज घटनास्थल पर जाने का कार्यक्रम है।

About The Author