Spasht Awaz Home

Hindi News, Latest News in Hindi Today, Today Hindi News Paper

सपा और संयुक्त रैली में जयंत सिंह ने किया गठबंधन का ऐलान, कही ये बात

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक पार्टियां अपना प्रचार जोरों पर कर रही है। इस बीच मेरठ के दबथुआ में मंगलवार को आयोजित सपा और रालोद की संयुक्त रैली में मंच से जयंत सिंह ने औपचारिक तौर पर गठबंधन का ऐलान किया। दोनों नेताओं ने कहा कि यूपी में इस बार डबल इंजन की सरकार आएगी।

सपा-रालोद की दबथुआ में आयोजित परिवर्तन संदेश रैली में मंच से रालोद नेता जयंत सिंह और सपा मुखिया अखिलेश यादव एक साथ पहुंचे। इसके पूर्व सपा और रालोद नेताओं ने किसानों के मुद्दों को उठाया और भाजपा को किसान विरोधी पार्टी बताया। सपा के प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि इस बार प्रदेश में सपा-रालोद की सरकार बनेगी। सपा नेता अतुल प्रधान ने कहा कि किसानों के अपमान को कोई भी नहीं भूलेगा। इसके बाद मंच से जयंत सिंह ने सपा के साथ गठबंधन का ऐलान किया।

जयंत ने कहा कि किसान आंदोलन में शहीद हुए किसानों के लिए मेरठ में शहीद स्मारक बनाया जाएगा। इससे शहीद किसानों की कुर्बानी याद रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ औरंगजेब से बात शुरू करते हैं और अंत में पलायन पर आ जाते हैं। बच्चों को पेपर दिला नहीं पाते। मजबूर होकर उप्र के नौजवान दूसरे प्रदेश जाकर नौकरी ढूंढते हैं। योगी जी को ये पलायन नहीं दिखता। बाबाजी को गुस्सा भी बहुत आता है, लेकिन कभी मुस्कुराते नहीं हैं।

जयंत सिंह ने कहा किआज कल राजनीति में एक शब्द का प्रयोग बहुत होता है फायरब्रांड नेता। लेकिन ये फायरब्रांड नहीं हैं। एक साल किसानों का अपमान हुआ, लेकिन किसी भाजपा की एक शब्द भी बोलने की हिम्मत नहीं हुई। ये फायरब्रांड कैसे हुए। किसानों के मामले में भाजपा को दाढ़ी भी मुंड़वानी पड़ी और नाक भी कटवानी पड़ी है। 2022 में बाबाजी को गोरखपुर में बछड़ों के साथ खेलने के लिए फ्री कर देंगे।

जयंत सिंह ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा। बिजनौर में सड़क टूटने की घटना पर जयंत ने कहा कि डबल इंजन सरकार का हाल सबने देखा है। विधायक ने नारियल फोड़ा, सड़क टूट गई। प्रदेश में बनने वाली सपा-रालोद की डबल इंजन की सरकार उप्र को नए आयाम तक ले जाएगी। परिवर्तन संदेश रैली में मीडिया के लिए बनाया गया मंच टूट गया। इससे कई मीडियाकर्मी घायल हो गए। इस घटना से रैली में कुछ समय के लिए अव्यवस्था पैदा हुई। जल्दी ही इसे संभाल लिया गया। मीडियाकर्मियों को हल्की चोटें आई है।

About The Author