Spasht Awaz Home

Hindi News, Latest News in Hindi Today, Today Hindi News Paper

लखनऊ: राजनाथ सिंह ने 1710 करोड़ की 180 योजनाओं का किया शिलान्यास और लोकार्पण

लखनऊ। देश के रक्षामंत्री और लखनऊ से सांसद राजनाथ सिंह मंगलवार को एक दिन के दौरे पर लखनऊ पहुंचे। जहां उन्होंने स्मार्ट लखनऊ व स्मार्ट प्रदेश के तहत राजधानी को 1710 करोड़ की 180 योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।

राजनाथ सिंह ने कहा कि वह लखनऊ को देश का नंबर वन शहर बनाना चाहते हैं। इसके लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं उनकी इच्छा है कि शहर का यातायात ऐसा हो कि लोग बिना जाम में फंसे कहीं भी जा सकें। आउटर रिंग रोड के निर्माण में सुस्ती को लेकर भी उन्होंने मुख्यमंत्री से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री अपने तेवर दिखाएं ताकि काम में ठेकेदार कंपनी ढिलाई न कर सके। अगले साल अक्तूबर तक 104 किलोमीटर लंबी आउटर रिंग रोड का निर्माण हर हाल में पूरा करने की उन्होंने समय सीमा भी तय की।

वह मंगलवार को लखनऊ में 1710 करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण व शिलान्यास कार्यक्रम में बोल रहे थे। शहर के विकास से जुड़ी 180 परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉक्टर दिनेश शर्मा नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन, कानून मंत्री बृजेश पाठक और महापौर संयुक्ता भाटिया भी प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

विकास से जुड़ी परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की। उन्होंने कहा, बिना मुख्यमंत्री के सहयोग के वह इन परियोजनाओं को पूरा नहीं कर सकते। डिफेंस कॉरिडोर के तहत बनने वाली मिसाइल फैक्टरी के लिए कई एकड़ जमीन दिए जाने में तेजी दिखाने को लेकर भी मुख्यमंत्री योगी की तारीफ की।

रक्षा मंत्री ने कहा कि वह लखनऊ को देश का नंबर वन शहर बनाना चाहते हैं और इसके लिए बाहर से प्रयास कर रहे हैं। किसी भी शहर का विकास उसकी सुविधाओं और यातायात से ही देखा जाता है। वह चाहते हैं कि, लखनऊ का यातायात ऐसा हो कि लोग बिना जाम में फंसे इधर से उधर आ जा सकें, अभी शहर में जाम की बहुत समस्या है। विक्टोरिया स्ट्रीट पर पुल बनने से आप लोग तीन मिनट में ही इधर से उधर आ जा सकेंगे, जबकि पहले 45 मिनट तक का समय लगता था।

उससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शहर के विकास से जुड़ी योजनाओं के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कोरोना काल में हुए निवेश के बारे में भी बताते हुए कहा कि जब चीन से निवेश भाग रहा था, तो यूपी में निवेश हुआ। राजधानी और प्रदेश में खुल रहे नए विश्वविद्यालयों के बारे में भी उन्होंने जानकारी दी। विकास कार्यों को लेकर उपलब्धियां बताने के साथ ही उन्होंने पिछली गैर भाजपा सरकारों को निशाने पर रखा।

उन्होंने कहा पिछले 14 सालों में प्रदेश नीचे गया है यहां का नौजवान पहचान के लिए तरस रहा है। उन्होंने कहा पहले हर तीसरे दिन प्रदेश में एक दंगा होता था, जिसमें लोगों की जान भी जाती थी और संपत्तियों का भी नुकसान होता था। लोग अपने व्रत त्यौहार और पर्व भी ठीक से नहीं मना पाते थे। सरकार लोगों को लोगों की सहायता करने के बजाय उन्हें हतोत्साहित करती थी, लेकिन अब वह सब बंद हो गया। प्रदेश में भाजपा की सरकार आने के बाद तेजी से विकास हुआ है अर्थव्यवस्था में अपना प्रदेश छठे स्थान से दूसरे स्थान पर पहुंचा है, 6000 करोड़ से अधिक का निवेश हो चुका है। उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य और डॉक्टर दिनेश शर्मा ने भी शहर के विकास को लेकर मुख्य मंत्री और रक्षा मंत्री की सराहना की।

सांसद राजनाथ सिंह ने कहा दो अक्षर का योगी नाम सुनते ही अपराधियों के दिल की धड़कन बढ़ जाती है देश के प्रधानमंत्री मोदी का नाम भी दो अक्षर का ही है योगी और मोदी की जोड़ी से देश और प्रदेश आगे बढ़ रहा है उन्होंने कहा किसी भी देश और प्रदेश को चलाने के लिए उसी कानून व्यवस्था का बेहतर होना बहुत जरूरी है उसके लिए शक्ति भी आवश्यक है जिसके लिए योगी और मोदी दोनों का काम सराहनीय है।

About The Author