Spasht Awaz Home

Hindi News, Latest News in Hindi Today, Today Hindi News Paper

गुरु रविदास प्रकाशोत्सव में शामिल हुए योगी,चन्नी,राहुल और प्रियंका

UP Election news संत शिरोमणि गुरु रविदास की जन्मस्थली सीर गोवर्धन में बुधवार को आयोजित प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में प्रमुख राजनेताओं ने भाग लिया। उन्होंने दर्शन किये और सामुदायिक भोज में भाग लिया। देश विदेश से आये हजारों रविदासी श्रद्धालुओं के साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ,पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी व प्रियंका गांधी और आम आदमी पार्टी नेता संजय सिंह ने मंदिर में माथा टेका।
गुरु रविदास की 645वीं जयंती पर जन्मस्थान मंदिर प्रबंधन की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित विभिन्न दलों के नेताओं को निमंत्रण भेजा गया था। प्रधानमंत्री सीर गोवर्धन के विकास के लिए व्यक्तिगत रुचि ले रहे हैं। उन्होंने बुधवार को राजधानी दिल्ली के रविदास मंदिर में प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में शिरकत की।

सीर गोवर्धन धर्म स्थल पर बुधवार पूर्वाह्न सबसे पहले उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहुंचे और उन्होंने दर्शन-पूजन किया तथा प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने रविदासी पंथ के प्रमुख धर्माचार्य संत निरंजन दास और अन्य साधु-संतों से मंदिर परिसर के विकास के बारे में बातचीत की।
बाद में उन्होंने मीडिया से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्ग निर्देशन में राज्य सरकार ने सीर गोवर्धन के सुंदरीकरण और पर्यटन विकास के लिए अनेक कदम उठाए हैं। सरकार इस धर्मस्थल के विकास को शीर्ष प्राथमिकता दे रही है। संत रविदास स्मृति पार्क के लिए भूमि के अधिग्रहण का काम प्रगति पर है।

पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने मंदिर में दर्शन करने के बाद मीडिया से कहा कि उन्होंने सब की भलाई की प्रार्थना की। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी ने भी मंदिर में दर्शन किये। उन्होंने श्रद्धालुओं को लंगर भी परोसा।
उल्लेखनीय है कि पंजाब सहित उत्तर भारत में गुरु रविदास के अनुयाइयों की बड़ी संख्या है। सीर गोवेर्धन के विकास में जालंधर स्थित डेरा सचखंड बल्लां ने प्रमुख भूमिका निभाई है। पंजाब के दोआबा क्षेत्र में रविदासी पंथ का ख़ास असर है। प्रकाशोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए पंजाब से बड़ी संख्या में श्रद्धालु सीर गोवेर्धन आते हैं। इसी मद्देनजर पंजाब विधानसभा चुनाव में मतदान तिथि को आगे बढ़ा कर 20 फरवरी कर दिया गया था।

About The Author